अयाना(औरैया)। बाइक सवार बदमाशों ने दंपति से जेवरात लूट लिए। पति के विरोध करने पर तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया। सूचना ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
अनरुद्धनगर निवासी शिवसिंह और उसकी पत्नी रूबी शुक्रवार को औरैया शहर गए थे। रूबी ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में एडमिशन कराने के लिए तिलक महाविद्यालय में गई थी। लौटते समय बाजार में खरीदारी की। भीखेपुर से ही पल्सर सवार तीन लोगों ने उनका पीछा करने लगे। भीखेपुर जुहीखा मार्ग पर बमाइन चौकी से 1 किलोमीटर दूर सिद्ध मंदिर के समीप शाम 07:30 बजे पर काली पल्सर सवार तीन लुटेरों ने तमंचा से फायर कर बाइक रुकवा ली। इसके बाद टॉप्स, मंगलसूत्र, व एक लॉकेट लूट लिए। मोटरसाइकिल के तार काट कर चाबी छीन कर भाग गए। शिव सिंह ने विरोध किया तो तमंचे की बट मारकर जख्मी कर दिया। पति-पत्नी मोटरसाइकिल लुढ़काकर बमाइन चौकी पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
चौकी प्रभारी देवी साह वर्मा की सूचना पर सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय, एसएचओ अयाना ललित कुमार ने मौका मुआयना किया। घायल शिवसिंह का सामुदायिक स्वास्थ केंद्र अयाना में डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। पीड़ित ने तहरीर दी है। एसएचओ अयाना ललित कुमार ने कहा पीड़ितों की निशानदेही पर जल्द ही होगा लूट का खुलासा।