अजीतमल (औरैया) । प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा चेकिंग कर अवैध बालू ला रहे एक सीज ट्रक को बिना रिलीज कराए भगा ले जाने और न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद हाजिर न होने पर न्यायालय की अवहेलना के आरोप में कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बीते साल 26 जून 2019 को चेकिंग के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने अवैध बालू ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया था। तत्कालीन खनन निरीक्षक ने सीज की कार्रवाई की थी। अपने कब्जे में ट्रक को लेने के बाद कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कोतवाली के पास खड़ा कर दिया था। 27 जून 2019 को ट्रक चालक रामकेश गुर्जर पुत्र मुन्नालाल निवासी जीटी रोड, गुर्जर कालोनी धौलपुर, ट्रक को बिना रिलीज कराए ले गया था। कोतवाली द्वारा जारी नोटिस चस्पा करने की कार्यवाही के बाद न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था। कोतवाली उपनिरीक्षक/अनंतराम चौकी प्रभारी चंद्रिका प्रसाद यादव ने बताया कि उक्त ट्रक चालक के खिलाफ नोटिस चस्पा करने की कार्यवाही करते हुए न्यायालय द्वारा एक महीने में हाजिर होने का वारंट जारी किया था। समयावधि पूरी हो जाने के बावजूद हाजिर न होने पर न्यायालय की अवहेलना में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।