औरैया। गांव रुदौली निवासी जूही ने लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश की समीक्षा अधिकारी की परीक्षा में 200वीं रैंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। जूही की इस सफलता पर उनके परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने बधाई दी।
गांव रुदौली निवासी सुधीर मिश्रा उर्फ रज्जू किसानी का काम करते हैं। सुधीर मिश्रा की पुत्री जूही ने शहर के चौधरी विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय से हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा पास की और इसके बाद तिलक महाविद्यालय से बीए और एमए भूगोल विषय से किया। जूही मिश्रा ने कार्यालय लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (सामान्य एवं विशेष चयन/बैकलाग) परीक्षा 2017 की परीक्षा में प्रतिभाग किया था। जिसके परिणाम घोषित हुए। जिसमें जूही ने 200वीं रैंक प्राप्त की। यह रैंक प्राप्त कर जूही सचिवालय में समीक्षा अधिकारी बनने की खुशी परिवारीजनों में देखने को मिली। जूही की इस सफलता पर परिजनों ने बधाई दी। गांव के पंकज दुबे, अजीत मिश्रा, निशू चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, रोहित मिश्रा, सुजीत मिश्रा आद ने जूही को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इधर जूही मिश्रा ने बताया कि लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2017 में कुल 10643 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।