औरैया। ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो में औरैया के घी और बालूशाही ने जिले को विशेष पहचान दिलाई है। इस आयोजन में औरैया के उत्पादों की हनक अलग ही दिखाई दी। घी और बालूशाही ने स्वाद के साथ स्वास्थ्य का बेजोड़ मिश्रण प्रस्तुत किया।
बड़ी हस्तियों, कारोबारियों और ट्रेडर्स ने इन उत्पादों का स्वाद चखा और सराहना की। जिलेभर के घी और बालूशाही उत्पादक उद्यमियों को इस ट्रेड शो में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया था। बेला निवासी गोविंद यादव की एसआरडीपी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड व अकल्पम घी ने शुक्रवार को पहले दिन स्टॉल लगाया। इस स्टॉल के माध्यम से औरैया जनपद ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान का परचम लहराया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टॉल का निरीक्षण किया। स्टॉल में ओडीओपी के तहत घी और ओडीओसी के तहत बालूशाही को प्रदर्शित किया गया। लोगों ने इन उत्पादों की शुद्धता, पैकेजिंग और गुणवत्ता की प्रशंसा की।
स्टॉल में शहद और हींग को भी जगह दी गई थी। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस मंच ने औरैया के उत्पादों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। घी को सेहत के लिए और बालूशाही को स्वाद के लिए महत्व दिया जाता है। उद्यमी मित्र देवेश चौहान ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में जिले की ओर से घी और बालूशाही का एक स्टॉल लगाया गया है। एसआरडीपी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड व अकल्पम घी ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। ट्रेड शो 29 सितंबर तक चलेगा। औरैया के घी और बालूशाही को राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार ऐसा मंच मिला है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार उद्यमी मित्र देवेश चौहान के जरिये ट्रेड शो की जानकारी लेते रहे। उन्होंने विशेष प्रशासनिक सहयोग के निर्देश भी दिए थे।