महिला टप्पेबाजों द्वारा काटा गया झोला दिखाता वृद्ध। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद। कस्बे की एक दुकान पर फोटोकापी कराने गए वृद्ध का झोला काटकर महिला टप्पेबाजों ने 10 हजार रुपये पार कर दिए।
फफूंद थाना क्षेत्र के शिबूपुर निवासी मानसिंह (65) ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 10 हजार रुपये निकाले थे। रुपये झोले में रख कर वह घर जा रहे थे। रास्ते में नुमाइश मैदान के पास एक जनसेवा केंद्र में पासबुक की फोटोकापी कराने लगे।
इसी बीच एक महिला, दो युवतियों के साथ आई और बातों में उलझा लिया। कुछ देर बाद वह सभी अछल्दा चौराहे की ओर चली गईं। इसी बीच जब उसकी नजर झोले पर गई तो झोला कटा और रुपये गायब थे। थानाध्यक्ष राजपाल यादव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।