50 शैया अस्पताल के वैक्सीनेशन केंद्र में पसरा सन्नाटा। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सरकार के निर्देश पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 18 से 59 वर्ष के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए निशुल्क एहतियात डोज लगाने का अभियान शुरू हुआ था। 30 सितंबर को अभियान के 75 दिन पूरे हो रहे हैं। अभी भी काफी लोग टीका लगवाने से वंचित हैं।
स्वास्थ्य विभाग को अमृत महोत्सव के तहत एहतियात डोज लगाते हुए 65 दिन बीत चुके हैं, लेकिन लोग बूस्टर डोज लगवाने में लापरवाही बरत रहे हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग लगातार शिविर आयोजित कर रहा है ताकि लोग एहतियात डोज लगवाने के लिए आगे आएं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मी लोगों को एहतियात डोज लगवाने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। इसके बावजूद दोनों जिला अस्पताल व सीएचसी में लगे वैक्सीन कैंप में सन्नाटा पसरा रहता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सचान ने बताया कि 29 सितंबर को वैक्सीन का मेगा अभियान चलेगा। अपील की कि दस दिनों में अधिक से अधिक लोग एहतियात डोज निशुल्क लगवाने के लिए वैक्सीनेशन केंद्र पहुंचें।