औरैया। जिले में दो दिन हुई पीईटी परीक्षा औरैया डिपो के लिए मुनाफा साबित हुई। इटावा मंडल में आठ डिपो में से सबसे अधिक मुनाफा कमाया। दूसरे नंबर पर मैनपुरी डिपो रहा।
जिले में 15 व 16 अक्तूबर को 28 केंद्रों पर हुई पीईटी परीक्षा में शामिल होने 52,128 परीक्षार्थी आए थे। इनके लिए जिला प्रशासन व औरैया डिपो ने 37 रोडवेज बसों का बंदोबस्त किया था। कई और बसों का भी संचालन आगरा रूट पर किया गया था। इसका लाभ भी विभाग को मिला। इटावा मंडल में आने वाले आठ डिपो में सबसे अधिक लोड फैक्टर औरैया डिपो की रोडवेज बसों ने निकाला।
एआरएम आरएस चौधरी ने बताया कि दो दिन में प्रति बस ने 22,701 रुपये की कमाई की। इस वजह से इटावा मंडल में आने वाले आठ डिपो में से औरैया डिपो श्रेष्ठ रहा। जिसमें 188 प्रतिशत में से 173 प्रतिशत लोड फैक्टर का लक्ष्य प्राप्त किया। दूसरे नंबर पर मैनपुरी डिपो रहा।
जिससे प्रति बस 14,055 रुपये की आय कर 107 प्रतिशत लोड फैक्टर निकाला है। बता दें कि इटावा मंडल में इटावा, सैफई, औरैया, बेवर, छिबरामऊ, फर्रुखाबाद, मैनपुरी व शिकोहाबाद आते हैं।