औरैया। जनशिकायतों के निस्तारण में औरैया पुलिस ने प्रदेश में एक बार फिर पहला स्थान प्राप्त किया है। जनवरी माह की रैंकिंग प्रदेश में जारी की गई है।
यह लगातार दूसरा महीना है, जब औरैया पुलिस शीर्ष पर रही है। एसपी अभिषेक भारती के निर्देश पर शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। आईजीआरएस पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और समाधान दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया गया। शासन द्वारा किए गए मूल्यांकन में औरैया पुलिस को शत-प्रतिशत अंकों के साथ राज्य में सर्वश्रेष्ठ चुना गया है।
वहीं, यहां के 13 में 10 थानों ने भी अपनी कार्यप्रणाली से प्रदेश रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया है। इन थानों में बेहतर तरीके से सुनवाई की गई। पहला स्थान पाने वाले थानों में अछल्दा, बिधूना, अजीतमल, फफूंद, दिबियापुर, एरवाकटरा, अयाना, सहायल, महिला थाना और सहार शामिल हैं।
लगातार दूसरी बार शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर एसपी ने आईजीआरएस सेल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की व पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि यह सफलता आईजीआरएस सेल और थानों में तैनात हर पुलिसकर्मी की मेहनत का परिणाम है।