फोटो29एयूआरपी 41-घर के अंदर खुली पड़ी अलमारी व कमरे में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती स्थित एक दिवंगत सिपाही के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे तीन लाख रुपये के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती निवासी पीड़िता प्रियंका चौधरी पत्नी स्व.चौधरी संजय सिंह ने कोतवाली पुलिस को बताया बताया कि उसके पति सिपाही थे। उनकी उन्नाव स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में तैनाती थी।
21 फरवरी 2022 को उनकी मौत हो गई थी। जिसके चलते वह उन्नाव में ही थी। इसलिए पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती स्थित घर पर ताला लगा हुआ था। सोमवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे पड़ोसियों ने फोन पर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद वह जब घर आईं। कमरे में रखी अलमारी का गेट खुला था, अंदर लॉकर के ताले टूटे थे और अलमारी में अंदर रखे ब्रीफकेश में रखे सोने के आभूषणों में तीन सोने की अंगूठियां, सोने का बाला, चार तोले सोने का हार, दो सिलिंडर व मकान के कागजात गायब थे।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फोटो29एयूआरपी 42- पीछे के गेट की कुंडी में लगे ताले के तोड़े जाने से तिरछी पड़ी कुंडी की जानकारी देती- फोटो : AURAIYA