औरैया। जिले में दिन-प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रविवार को डॉक्टर समेत समेत 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जो इस साल संक्रमितों की सबसे अधिक संख्या है। सिर्फ गेल गांव में ही 14 पॉजिटिव मिले हैं।
साल 2022 में नौ जनवरी को गेल गांव में 30 वर्षीय युवक, 24 वर्षीय युवक, 27 वर्षीय युवक, 27 वर्षीय युवती, 54 वर्षीय महिला, 49 वर्षीय अधेड़, 25 वर्षीय युवक, 22 वर्षीय युवती, 15-15 वर्षीय दो किशोर, 40 वर्षीय महिला, 14 वर्षीय किशोर, 14 वर्षीय किशोरी, 55 वर्षीय अधेड़, 21 वर्षीय युवक, 46 वर्षीय पुरुष डॉक्टर, लाजपतकुंज में 42 वर्षीय महिला, निरालाकुंज में 34 वर्षीय युवक, टैगोर कुंज में 25 वर्षीय युवक, नरायनपुर में 25 वर्षीय युवक, दिबियापुर में 39 वर्षीय युवक समेत 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
बोले जिम्मेदार
संक्रमण जिले में अब अपने पांव तेजी से फैला रहा है। लोगों को कोविड नियमों का पालन कर इससे बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और एक-दूसरे से कम ही मिले तो वो ज्यादा बेहतर रहेगा। सभी संक्रमित व्यक्ति होम आइसोलेशन पर हैं। टीम गठित कर दी गईं हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख ऑन कॉल व वीडियो कॉल के माध्यम से कर रही है।
-डॉ. शिशिर पुरी, अपर सीएमओ
दिबियापुर रेलवे स्टेशन पर हुई सैंपलिंग
कोरोना संक्रमण की दर बढ़ने पर रेलवे विभाग भी सतर्क हो गया है। रविवार को दिबियापुर रेलवे स्टेशन पर मोबाइल टीम पहुंची। टीम ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सैंपलिंग की। साथ ही कोविड के नियमों के संबंध में जानकारी दी। मास्क व शारीरिक दूरी संक्रमण से बचाव का मुख्य कारण होने की बात कही। मोबाइल टीम ने रविवार को 79 लोगों की सैंपलिंग की।
सीएमओ ने निरस्त की स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां
कोरोना संक्रमण दर बढ़ने पर सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी है। उन्होंने बताया कि मातृत्व व चिकित्सा अवकाश को छोड़कर बाकी सभी तरह की छुट्टियां स्वास्थ्य कर्मियों की निरस्त कर दी गईं हैं। सभी कर्मियों को संक्रमण की रोकथाम में लगने के लिए निर्देश हैं। कोविड अस्पताल में सामान व संसाधन में किसी प्रकार की कोई कमी हो तो कर्मी तुरंत मुख्यालय पर सूचित कर उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।