अछल्दा(औरैया)। कस्बा अछल्दा समेत नेविलगंज के देशी, अंग्रेजी शराब व बियर के ठेकों पर रविवार को बिधूना सीओ महेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग की। सीओ गल्ला मंडी नेविलगंज स्थित देसी शराब के ठेका पर गड़बड़ी मिली। सेल्समैन संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
कस्बे के बिधूना रोड गल्ला मंडी नेविलगंज के सामने स्थित देसी शराब के ठेके पर सीओ महेंद्र प्रताप सिंह व अछल्दा थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा की चेकिंग से हड़कंप मच गया। ठेके के बाहर शराब पी रहे लोगों में पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। इस दौरान सीओ ने ठेके के सेल्समैन नेविलगंज निवासी शिवम कुमार से पूछताछ की। साथ ही स्टॉक रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर की जांच के दौरान स्टॉक न मिलने पर उन्होंने सेल्समैन से कड़ाई से पूछताछ की जिस पर वह सीओ को संतोष जनक जवाब नहीं दे सका।
थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम को बोडेपुर निवासी एक व्यक्ति को नेविलगंज स्थित ठेके से 35 क्वार्टर बिक्री किए गए थे। जो नियम के विरुद्ध हैं। नियमानुसार एक व्यक्ति को एक बार में अधिकतम पांच क्वार्टर ही दिए जा सकते हैं। सेल्समैन से पूछताछ की गई, पर वह शराब का स्टॉक नहीं दिखा सका है। इस संबंध पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद सीओ ने अछल्दा स्टेशन बाजार स्थित देशी, अंग्रेजी शराब व बियर की दुकानों पर छापेमारी की। यहां पर सीओ को गड़बड़ी नहीं मिली।