अजीतमल (औरैया)। क्षेत्र के गांव दहियापुर निवासी विवाहिता के शव को पुलिस ने मृतका के पति की निशानदेही पर यमुना नदी से गुरुवार को बरामद किया है। इस मामले में मायके पक्ष के लोगों द्वारा हत्या का मामला दर्ज कराने को लेकर कोतवाली का घेराव किया गया था। जिस पर पुलिस ने ससुरालीजनों पर हत्या का मामला दर्ज कर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिसमें नौ दिन बाद पति की जानकारी पर पुलिस को सफलता मिल सकी।
गांव दहियापुर निवासी शिवम राजपूत की पत्नी कपूरी 22 जून से लापता थी। इस मामले में शिवम ने 23 जून को कोतवाली में तहरीर देकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर, मृतका कपूरी के भाई भूप सिंह निवासी महटोली कानपुर देहात की ओर से 24 जून को अजीतमल कोतवाली पुलिस को दहेज की मांग के चलते बहन की हत्या कर शव गायब करने की तहरीर दी गई थी। लेकिन पुलिस ने पीड़ित भाई की शिकायत को नजरंदाज कर इसे गुमशुदगी का मामला बताकर हत्या की रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया था। मामला बनते न देख कपूरी के परिजनों ने 25 जून को सैकड़ों लोगों के साथ कोतवाली का घेराव कर ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसहाय ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहरीर के आधार पर कपूरी के पति सोनू उर्फ शिवम, सास राजकुमारी, देवर शिवपूजन, ननद शिबाला, चचिया ससुर तिलक सिंह सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जिसमें पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की मांग पर गांव के पास स्थित नहर में छह गोताखोरों की मदद से कपूरी की तलाश कराई लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। इस पर पुलिस ने कपूरी के पति शिवम को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो परत दर परत खुलती चली गईं। इसके बाद पुलिस ने पति की निशानदेही पर नौ दिन बाद क्षेत्र के यमुना नदी से महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया।
सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि कड़ी पूछताछ के बाद शिवम टूट गया। शिवम ने बताया कि 22 जून की रात लगभग आठ बजे उसने कपूरी की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही उसके गाड़ने के लिए गांव के पास एक खेत में गड्ढ़ा भी खोदा गया लेकिन फिर दिमाग बदला और शिवम कपूरी के शव को रजाई की खोली में बांधकर बाइक से यमुना नदी में फेंक आया।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने मौके से रजाई का कवर, मृतक के कपड़े, बाल तथा अस्थियां बरामद कर लीं हैं। बरामद अस्थियों को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। बताया कि यमुना नदी में पानी कम होने से शव किनारे पर ही फंस गया। जिसे कुत्तों आदि जानवरों द्वारा क्षत-विक्षत किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि हत्या की घटना के तीन आरोपियों पति, सास व चचिया ससुर को हिरासत में ले लिया गया है।