दिबियापुर (औरैया)। बेला रोड पर दुकानदारों की मांग के बावजूद बड़े वाहनों का नो इंट्री में दुकानों के सामने आकर खड़े होने का क्रम जारी है। सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों के खड़े होने के कारण शनिवार को सुबह, दोपहर और शाम को रुक-रुककर एक से दो घंटे जाम लगा रहा। व्यापारियों ने जल्द से जल्द समस्या के निदान की मांग की।
औरैया-कन्नौज मार्ग पर दिबियापुर में स्थित संकरे नहर पुल के कारण दिन में जाम की समस्या होती है। इसके चलते जिले के आला अधिकारियों ने सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों की दिबियापुर कस्बे में नो इंट्री लगा रखी है। कन्नौज की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को नो इंट्री के समय दिबियापुर कस्बे में प्रवेश से रोकने के लिए बहेड़े वाली पुलिया पर पुलिस पिकेट रहती है। इसके चलते बड़े एवं भारी वाहन बहेड़े वाली पुलिया तक घुसे चले आते हैं। दुकानों एवं घरों के सामने वाहनों के खड़े होने से जहां दुकानदारों एवं गृहस्वामियों को परेशानी होती है। वहीं, जाम भी लगता है। शनिवार की सुबह जैसे ही नो इंट्री का समय शुरू हुआ। बहेड़े वाली पुलिया से लेकर विवेकानंद महाविद्यालय तक सड़क के दोनों किनारों पर बड़े वाहन आकर खड़े हो गए। वाहनों को निकलने की जगह न मिलने के कारण यहां भीषण जाम लग गया। यहां पर दोपहर तक लगे रहे जाम में वाहन रेंगकर गुजरते नजर आए।
थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल के अनुसार बहेड़े वाली पुलिया पर बने तिराहे पर बिधूना की ओर से आने वाले वाहनों को भी नो इंट्री में घुसने से रोकना पड़ता है। इसलिए बहेड़े वाली पुलिया पर पुलिस पिकेट लगाई जाती है। औरैया-कन्नौज मार्ग पर बहेड़े वाली पुलिया से पहले वाहनों को रोकने के लिए अलग से पिकेट लगानी पड़ेगी और दो स्थानों पर पिकेट लगाना संभव नहीं है। व्यापारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।