फोटो 01एयूआरपी32- सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से किया गया ट्वीट
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में 17.60 किलोमीटर लंबे भीखेपुर जुहीखा मार्ग के लिए 47 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब जल्द इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का काम होगा। सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी ट्वीट में इसकी जानकारी दी गई।
वर्ष 2020 में प्रदेश के 15 राज्य राजमार्गों की घोषणा की गई थी। इन मार्गों के दो लेन तक चौड़ीकरण के लिए शासन स्तर से आगणन मांगा गया था। घोषित 15 राज्य राजमार्गों में एट- बंगरा-भीखेपुर राजमार्ग भी सम्मिलित था। इस राजमार्ग का जुहीखा से लेकर भीखेपुर तक का 17.60 किलोमीटर हिस्सा औरैया में आता है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर सितंबर 2020 में जुहीखा से लेकर भीखेपुर तक ट्रैफिक सर्वे किया गया था। ताकि मार्ग की डिजाइन तय की जा सके। जेई अरुण कुमार कुशवाहा ने बताया कि शासन को परियोजना की कुल लागत 4762.10 लाख रुपये का आगणन दिसंबर 2020 में भेज दिया गया था। एक सितंबर 2020 को अमर उजाला ने इस मार्ग का ट्रैफिक सर्वे शुरू होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
सात मीटर तक चौड़ा होगा मार्ग
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अरुण कुमार कुशवाहा ने बताया कि इस मार्ग की वर्तमान में चौड़ाई 3.70 मीटर तक है। राजमार्ग घोषित होने के बाद इस मार्ग की चौड़ाई बढ़कर सात मीटर तक होनी प्रस्तावित है। एट-बंगरा-भीखेपुर मार्ग के राजमार्ग घोषित होने व चौड़ीकरण के लिए बजट आवंटन के बाद श्रद्धालुओं ने भी खुशी जताई है। अभी जिले के लोगों को जर्जर मार्ग से होकर मां पीतांबरा देवी के दर्शन करने के लिए जाना पड़ता है।
अधिकारी बोले
परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ठेकेदार का चयन होने के बाद शीघ्र ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। -पीके जैन, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग