अजीतमल(औरैया)। पंद्रह फरवरी की रात से चार पहिया वाहनों में फास्टैग अनिवार्य होने के बाद इसके लिए अनंतराम टोल प्लाजा पर तैयारी जोरों से चल रही हैं। हालांकि जिन वाहनों में अभी तक फास्टैग नहीं लगे हैं, उनको टोल नाका पार करने के लिए दोगुना शुल्क देना पड़ेगा।
इससे पहले सरकार ने पहले एक जनवरी तारीख तय की थी। लेकिन वाहनों में फास्टैग न लगने से सरकार ने इसको बढ़ाकर 15 फरवरी कर दिया था। जो सोमवार रात से लागू हो गया है। मालूम हो कि अनंतराम टोल प्लाजा पर 18 लेन हैं।
कैश लाइन पूरी तरह से होगी खत्म
वर्तमान में टोल प्लाजा पर एक कैश लाइन चल रही है। जिस पर वाहन चालक नगद रुपये देकर टोल नाका पार कर लेते हैं। अब फास्टैग नहीं होने पर दोगुना टोल देना पड़ेगा।
आठ हैंड होल्ड मशीन से भी टैग रीड
प्राय: देखा जा रहा है कि कई बार फास्टैग आसानी से स्कैन नहीं हो पाता है। टैग लाइन पर जाम लग जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए अनंतराम टोल प्लाजा पर आठ हैंड मशीन का इंतजाम किया गया है। प्लाजा मैनेजर प्रशांत शर्मा ने बताया कि यदि कोई टैग को स्कैनर स्कैन नहीं कर रहा है तो हैंडल मशीन से उसको स्कैन कराया जाएगा।
20 से 22 प्रतिशत वाहनों में नही है फास्टैग
अनंतराम टोल प्लाजा से निकलने वाहनों में लगभग 78 प्रतिशत वाहनों में फास्टैग लगा हुआ है। 22 प्रतिशत वाहन नगद भुगतान कर टोल नाका को पार कर रहे हैं। अब इन वाहनों को टोल नाका पार करने के लिए दोगुना भुगतान करना पड़ेगा। पहले चार्ज होने पर 10 मिनट बाद कार्य करता था लेकिन अब एक मिनट में ही कार्य करना शुरू कर देगा।
सरकार की गाइड लाइन के अनुसार काम किया जाएगा। सभी लाइनों को फास्टैग कर दिया गया है। कैश लाइन को बंद कर दिया गया है।
- सत्यवीर यादव, डीजीएम अनंतराम टोल प्लाजा