औरैया। डीपीआरओ ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान सदर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कस्बा जाना में कार्य में लापरवाही बरतने वाले दो सफाई कर्मचारियों व करमुर में तीन अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए। दो ग्राम पंचायतों में अनुपस्थित पंचायत सचिवों को स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया। उन्होंने सफाई कर्मियों को हिदायत दी कि अपनी कार्यशैली में सुधार करें अथवा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। डीपीआरओ ने कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
डीपीआरओ अष्ट कुमार त्रिपाठी व एडीपीआरओ राजेश चौरसिया ने मंगलवार को सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कस्बा जाना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मियों के टीम लीडर के साढ़े दस बजे गांव पहुंचने की जानकारी मिली तथा मुख्य सफाई कर्मी महेश की भी लापरवाही बरतने की शिकायत ग्रामीणों ने की गई। इस पर डीपीआरओ ने दोनों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। बाकी सात सफाई कर्मी मौके पर मौजूद मिले। डीपीआरओ ने प्रधान को गांव की साफ-सफाई कराकर शाम तक फीडबैक देने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने इसके बाद ग्राम पंचायत करमपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पर सफाई कर्मी अखिलेश सफाई, शशिभूषण, गोविंद अनुपस्थित मिले। डीपीआरओ ने तीनों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पांच सफाई कर्मी यहां अनुपस्थित मिले। डीपीआरओ ने तीनों नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। वहीं, कसबा जाना की पंचायत सचिव संध्या सिंह व करमपुर के सर्वेश द्विवेदी मौके पर मौजूद नहीं मिले। डीपीआरओ ने दोनों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।