औरैया। शासन ने नव वर्ष के कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रभावी नियंत्रण के लिए एडवाइजरी जारी की है। कोई भी कार्यक्रम डीएम की अनुमति के बिना नहीं होगा। ड्रोन कैमरों से कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने बताया कि नव वर्ष के कार्यक्रमों में कोविड से बचाव का पालन जरूरी है। किसी बंद स्थान, हॉल, कमरे में कार्यक्रम होने की स्थिति में निर्धारित क्षमता से 50 फीसदी लोग ही होने चाहिए। आयोजकों को कार्यक्रम में व्यक्तियों की निर्धारित संख्या एवं मास्क धारण करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। इसके साथ कार्यक्रम स्थल में स्कैनिंग, हैंडवॉश एवं सैनिटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों से अपील है कि वे नव वर्ष सार्वजनिक स्थानों पर न मनाकर घरों में मनाएं। कार्यक्रम स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी कराई जाएगी। मदिरा की दुकानों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, चौराहों व बाजारों पर भी पुलिस तैनात रहेगी।