औरैया। मौजूदा गेहूं खरीद के सत्र में आढ़त के भाव कम रहने की वजह से केंद्रों में खरीद बढ़ी है। पिछले साल के मुकाबले जिले में 2000 एमटी गेहूं की ज्यादा खरीद हुई है। मंडल में जिला लक्ष्य खरीद के मामले में दूसरे पायदान पर है।
जिले में 57 क्रय केंद्रों के जरिए एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू कराई गई थी। दो माह बाद जिला लक्ष्य खरीद के मामले में मंडल में दूसरे स्थान पर है। कन्नौज को छोड़कर अन्य जिले औरैया से पीछे हैं। मौजूदा समय में जिले के 3377 किसानों से 13331 एमटी खरीद पूरी कर ली गई है। शासन से इस सत्र में 19500 एमटी खरीद का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष 68.37 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। वहीं जिले के 6800 किसानों ने गेहूं की बिक्री को लेकर इस बार रजिस्ट्रेशन कराया है। शुरुआती दौर में आढ़तों पर गेहूं का भाव 2500 रुपये प्रति क्विंटल जाने पर विपणन विभाग की मुश्किलें बढ़ गई थीं। हालांकि वर्तमान में आढ़तों पर गेहूं का भाव 2350-2400 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले साल गेहूं खरीद महज 11332 एमटी तक सीमित रही थी। इस बार 2000 एमटी गेहूं की ज्यादा खरीद हो सकी है। विपणन विभाग के अधिकारियों के अनुसार 15 जून तक गेहूं की खरीद होगी। तब तक शासन की ओर दिए गए लक्ष्य की प्राप्ति हो जाने की संभावना है।
गेहूं के बाद होगी मक्का की खरीद
15 जून से जिले में गेहूं की सरकारी खरीद पर विराम लगने जा रहा है। ऐसे में शासन स्तर से मक्का खरीद के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि मक्का की फसल पकने में अभी देरी है। वहीं विभाग ने मक्का खरीद को लेकर क्रय केंद्र बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।