औरैया। इटावा से कानपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चिरुहुली व मिहौली के बीच ट्राला-डीसीएम भिड़ंत में मरने वाले और घायल मजदूरों को दुर्घटना क्लेम दिलाने का निर्णय मजदूर संघ ने लिया है। इसके लिए यह संगठन कोर्ट में रिट दायर करेगा और क्लेम मिलने तक आने वाले खर्चों को स्वयं ही खर्च करेगा।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ भारत के अध्यक्ष प्रभारी एसके मेहरा ने बताया कि 16 मई को औरैैया सड़क हादसे में मरने वाले 28 मजदूरों और 35 घायलों को आपात कालीन दुर्घटना बीमा का पैसा दिलाने के लिए उनका संगठन कोर्ट में केस दायर करेगा। उन्होंने बताया कि मरने वालों में उत्तर प्रदेश के तीन मजदूर है। जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार के मजदूरों की संख्या अधिक है। कहा कि मरने वाले वह लोग है, जो स्वयं ही घर से दूर रहने मजदूरी करके अपने परिवार का गुजर बसर करते थे।
दुर्घटना में मजदूरों के मरने के बाद कई परिवारों के सामने अब परिवार के गुजर वसर को लेकर दिक्कतें आन खड़ीं हैं। उन्होंने बताया कि मरने वालों की लिस्ट के साथ ही घायलों की लिस्ट भी तैयार की जा रही है। लिस्ट तैयार होती है। संगठन के पदाधिकारियों की बैठक होगी और हरियाणा के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल नागर से विचार विमर्श के बाद कोर्ट में रिट दायर की जाएगी। कहा कि जब तक मजदूरों को आपात कालीन दुर्घटना बीमा का पैसा नहीं मिल जाता वह शांत नहीं बैठेंगे।