कोतवाली के पीछे लगने वाले प्रथम औरैया महोत्सव आयोजन के लिए वाहन पार्किंग के लिए स्थल तय कर लिया गया है। महोत्सव को जाने के लिए स्थापित की जाने वाली जेसीज चौराहे और मंडी समिति तिराहे पर वेरीकेटिंग के पार दो पहिया और चार पहिया वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
वहीं आम लोगों के लिए औरैया महोत्सव में आने वाली दुकानें आगामी एक फरवरी तक सजी रहेंगी। सैफई की तर्ज पर लगने वाले औरैया महोत्सव के संशोधित कार्यक्रम को डीएम सोमवार को जारी करेंगी।
औरैया महोत्सव आयोजन में आ रही सबसे बड़ी वाहन पार्किंग की बाधा को प्रशासन ने आखिरकार दूर कर लिया है। महोत्सव में आने वाले लोगों के लिए जानकी वाटिका के सामने अरविंद चतुर्वेदी के निजी प्लाट को पार्किंग स्थल के रूप में चुना गया है।
महोत्सव में जाने के लिए वाहन चालकों को इसी पार्किंग स्थल पर अपने वाहन खड़ा करके पैदल जाना होगा। महोत्सव स्थल के मुख्य मार्ग पर वाहनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए जेसीज चौराहे व मंडी समिति तिराहे पर वेरीकेटिंग लगाई जाएगी। बैरीकेटिंग के पार दो पहिया और चार पहिया वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
आगामी 15 से 25 जनवरी तक चलने वाले औरैया महोत्सव के कार्यक्रमों के बावजूद महोत्सव में लगने वाली दुकानें आम जनता के लिए एक फरवरी तक सजी रहेंगी। रविवार को महोत्सव कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से रोक दिया गया है। जिलाधिकारी औरैया महोत्सव के दौरान होने संशोधित कार्यक्रमों की सूची को आज जारी करेंगी।