भूमि और दुकानें स्थापना को उठापटक के दौर के बाद आखिर वह दिन आ गया, जिस दिन का जिला प्रशासन को बेसब्री से इंतजार था। जी हां, हम औरैया महोत्सव की बात कर रहे हैं।
औरैया महोत्सव के शुभारंभ की घड़ियां करीब आती जा रही हैं। रविवार को दोपहर 12 बजे डीएम महोत्सव का शुभारंभ करेंगी। शनिवार को आयोजन की तैयारियों के लिए दिन और रात सजाने संवारने का काम किया जाता रहा।
सैफई की तर्ज पर हो रहे औरैया महोत्सव 24 जनवरी तक चलेगा। महोत्सव में मनोरंजक कार्यक्रम के अलावा शासकीय योजनाओं को बढ़ावा देने वाले विभागों के स्टाल लगवाए गए हैं।
शुभारंभ डीएम माला श्रीवास्तव माक पार्लियामेंट के साथ करेंगी। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे सांसदों की भूमिका में नजर आएंगे। मेले में आए दुकानदार अपनी दुकानों को अंतिम रूप देते हुए दिखे।
महोत्सव स्थल को बेहतरीन लाइटों से सजाया दिया गया है। मेले में आने वाले विशिष्ट अतिथियाें एवं अतिथियों के बैठने की अलग-अलग केबिन तैयार किए गए हैं। वहीं नोडल अधिकारी/एसडीएम सदर स्वयं महोत्सव स्थल पर मौजूद होकर अपनी देख-रेख में देर रात तक तैयारियां पूरी कराते रहे।
सभी जिलेवासी से आग्रह है कि पहली बार लग रहे औरैया महोत्सव में आकर स्वस्थ मनोरंजन के साथ ही शासकीय योजनाआें से भी परिचित हो। महोत्सव में उनकी सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है।- माला श्रीवास्तव, डीएम