औरैया। आवास विकास स्थित काली माता मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे ब्रह्मनगर निवासी युवक पर असलहों से लैस युवकों ने हमला बोल दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी।
मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी राहुल पाल उर्फ बल्लू पुत्र बृजमोहन ने बताया कि 18 अगस्त की शाम वह अपने दोस्त श्रेय भार्गव संग काली माता मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन कर वह घर आ रहा था। जब वह एलआईसी कार्यालय के सामने पहुंचा तभी वहां मौजूद गोलू दुबे, मयंक दुबे, आर्यन पाठक, ऋषभ पांडेय, दिव्यांशु पांडेय, कपिल सविता, गोपाल त्रिपाठी व दो अज्ञात लोगों ने उसे रोककर गाली गलौज की।
विरोध किया तो नामजद व अज्ञात लोग जबरन गाड़ी में बैठाकर भाऊपुर की तरफ ले गए। वहां उक्त लोगों ने मारपीट की। इसी बीच साथ में दर्शन करने गए श्रेय भार्गव ने यूपी 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंचती तब तक आरोपी गोलू दुबे ने जेब में पड़े 4900 रुपये निकाल लिए। इसी बीच मयंक दुबे ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
बताया कि आरोपी उसे मरा समझकर हाईवे किनारे फेंक कर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश में जालौन, कानपुर देहात आदि संदिग्ध ठिकानों पर दबिशें दी गईं पर कोई हाथ नहीं लगा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।