औरैया। बारिश के दौरान बिजली से बचाव के लिए दामिनी एप प्रत्येक व्यक्ति के लिए मददगार साबित होगा। अचानक बदले मौसम और गरज चमक के साथ बारिश की संभावना को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिवर्ष बिजली गिरने से बड़ी संख्या में जन व पशु हानि होती है। इससे बचाव के लिए दामिनी एप पर चार घंटे पहले ही सूचना प्राप्त हो सकेगी। इससे लोग समय से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के साथ होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं। बिजली गिरने से आधारभूत संरचना को भी काफी नुकसान पहुंचता है। वज्रपात से होने वाली क्षति को कम करने के बारे में राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से इंटीग्रेटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम विकसित किया गया है। दामिनी एप को गूगल प्ले स्टोर से निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
अपर जिलाधिकारी रेखा एस. चौहान ने बताया कि दामिनी एप लगभग 20 किलोमीटर के क्षेत्र में संभावित उच्च आकाशीय बिजली चेतावनी (हाई लाइटिंग अलर्ट नोटिफिकेशन) की जानकारी देगा। इस एप के माध्यम से व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने व बचाव का अवसर प्राप्त हो जाता है। इस एप को जिले, तहसील ,ब्लाक व ग्राम स्तर से संबंधित अधिकारियों को डाउनलोड करने के निर्देश दिए हैं।