एरवाकटरा। थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार लुटेरों ने गांव हरचंदापुर में एक महिला को रोक कर उसके कुंडल लूट लिए। महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सीओ बिधूना ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तारी करने निर्देश दिए।
रविवार शाम लगभग आठ बजे हरचंदापुर निवासी उर्मिला देवी पत्नी दशरथ सिंह गांव प्रह्लादपुर स्थित अपने पति के धुलाई सेंटर पर जा रही थी। जैसे ही वह हरचंदापुर पुलिया के पास पहुंची तभी बाइक सवार तीन लुटेरों ने झपट्टा मारकर उसके कानों के कुंडल खींच लिए। इससे पहले कि महिला संभल पाती। बाइक सवार तीनों लुटेरे भटौरा गांव को जाने वाली सड़क से होकर भाग गए।
पीड़िता के शोरगुल मचाने पर उधर से गुजर रहे राहगीरों ने रुककर महिला से जानकारी ली। साथ ही यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी करने के बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई। उधर बाइक सवारों द्वारा लूट की जानकारी पर सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचे और उर्मिला से जानकारी ली और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष राम सहाय पटेल ने बताया कि पीड़िता की जानकारी पर पुलिस बाइक सवारों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।