फोटो 06एयूआरपी-46- आपूर्ति बाहल करने के लिए लगाया गया ट्राली टांसफार्मर। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा/कंचौसी। अछल्दा कस्बे के फफूंद रोड तिराहे पर 400 केवी का ट्रांसफार्मर फुंकने से गुरुवार सुबह हरीगंज बाजार के 250 घरों व दुकानों की बिजली गुल हो गई। इस दौरान लोगों को पीने के पानी की किल्लत झेलनी पड़ी।
दुकानदारों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों को सूचना देकर बुलाया। कर्मचारियों के कई घंटे प्रयास के बाद भी आपूर्ति बहाल न हो सकी। जेई ने उपकेंद्र से ट्राली वाले ट्रांसफार्मर को लगवाकर चार बजे आपूर्ति बहाल करवाई। जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने की वजह से आपूर्ति बाधित रही। नए ट्रांसफार्मर के लिए इस्टीमेट बनाकर भेजा गया है।
वहीं, कंचौसी क्षेत्र के लोगों को आए दिन हो रही कटौती के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आपूर्ति के दौरान भी ओवरलोडिंग, फाल्ट आदि से समस्या और भी बढ़ जाती है।
सरकार का शहर को 24 घंटे, तहसील मुख्यालय के उपभोक्ताओं को 21 व गांव के उपभोक्ताओं को 18 घंटे बिजली देने का फरमान है। बावजूद इसके रात में चार से पांच घंटे व दिन में तीन से चार घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। एसडीओ अनुराग पांडेय ने बताया कि ओवरलोडिंग की वजह से कटौती की जा रही है।