नगर पालिका इंटर कालेज में बैठक करते शिक्षणेत्तर संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की बैठक रविवार को नगर पालिका इंटर कालेज में हुई। यहां जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात लिपिकों की मनमानी पर शिक्षणेत्तर संघ खफा दिखाई पड़ा। बैठक में नौ अगस्त को विधानसभा के घेराव को लेकर रणनीति बनाई गई।
रविवार को नगर पालिका इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ की बैठक जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव की अध्यक्षता में हुई। यहां शिक्षणेत्तर कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं। सांफर स्थित सर्वोदय इंटर कालेज के कर्मचारी राकेश कुमार ने बताया कि 2011 से दफ्तर के कार्य कर रहा हूं। प्रधानाचार्य लिपिक पद पर पदोन्नति की फाइल नहीं बना रहे हैं। संरक्षक अशोक कुमार ने बताया कि वह 30 जून 2016 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के बावजूद नरेश राठौर भुगतान नहीं कर रहे हैं। कनैडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व चरन सिंह इंटर कालेज में बोनस भुगतान न होने व गलत नियुक्ति की शिकायत दर्ज कराई गई।
शिक्षणेत्तर कर्मियों के साथ हो रहे गलत व्यवहार पर संघ ने निंदा प्रस्ताव पास किया । संघ के महामंत्री उत्तम शुक्ला ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर नौ अगस्त को विधान सभा का घेराव किया जाएगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र भदौरिया ने कहा कि हर विद्यालय से कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहकर लखनऊ कूंच करेंगे। बैठक में उमेश कुमार त्रिपाठी, अखिलेश दीक्षित, अरविंद वर्मा, राजेश कुमार त्रिपाठी, गिरजेश शुक्ला, देवकी नंदन, अवधेश कुमार वर्मा, विजय मिश्रा, सुभाष चंद्र, रूप सिंह, प्रमोद कुमार, सत्य नारायण मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।