औरैया। थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान चौकी प्रभारी व आरक्षी को कार रोकना महंगा पड़ा। चेकिंग की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर घायल कर दिया।
सीएचसी में आरक्षी की हालत नाजुक देख सैफई रेफर कर दिया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
अछल्दा के गांव लालपुर में रजनेश के घर पर रविवार को पूजा थी। पूजा होने के बाद घर में दावत थी। इस दौरान वहां पर मौजूद लोगों ने शराब पी। खानपान के बाद रजनेश के बहनोई गांव सलेमपुर निवासी धर्मवीर व जनपद मैनपुरी थाना कुरा के रामपुरा निवासी कल्लू शराब के नशे में गांव के बाहर पहुंचे।
इसी दौरान रात में एक बजे इटैली चौकी प्रभारी हेमंत चौधरी व सिपाही संदीप गश्त करते हुए वहां पर आ गए। सड़क पर संदिग्धों को लेटा देख पुलिस ने टोक दिया। इस दौरान साले, बहनोई व पुलिस के बीच कहासुनी हो गई।
जानकारी रजनेश, बेटा कौशल, सौरभ गौरव वहां पहुंचे। चौकी प्रभारी समेत सिपाही पर हमला कर घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित मौके से भाग गए। घायल चौकी प्रभारी हेमंत चौधरी, सिपाही संदीप को पुलिस सीएचसी ले गई।
सिपाही को सैफई के लिए रेफर कर दिया। सोमवार सुबह एएसपी आलोक मिश्रा ने पहुंचकर जांच की। आरोपियों के परिवार के लोगों व ग्रामीणों से घटना की पूछताछ की।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि मामले में सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।