औरैया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित पेंशनर्स दिवस पर विभिन्न विभागों से सेवानिवृतजनों की समस्याओं को सुना। समस्याओं से जुड़े सामने आए आवेदनों का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि जो भी मामले भुगतान संबंधी हैं, उनका हर संभव प्रयास करते हुए विभाग व पटल के माध्यम से 15 दिन में नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृतों ने अपने सेवाकाल के दौरान कार्य करते हुए लोगों को समस्याओं से निजात दिलाई है। अब उन्हें अपनी समस्या के लिए इधर-उधर भटकना पड़े यह बहुत पीड़ा दायक है। उन्होंने कहा कि अगली बैठक के पूर्व मिले सभी मामलों के निस्तारण संबंधी सूचना सभी को अवगत कराई जाएगी। जिससे दोबारा शिकायत का अवसर नहीं मिलेगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रदीप कुमार, सहायक कोषाधिकारी अजय तिवारी, गौरव कुमार पांडेय लेखाकार व मनीष गुप्ता लेखाकार सहित संबंधित अधिकारी व पेंशनर्स आदि मौजूद रहे।