रुरुगंज। कस्बा को हरचंदपुर से जोड़ने वाली नौ किमी गड्ढों में तब्दील सड़क को डामरीकृत करने का काम शुरू कराया गया है। इस सड़क को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश था। सोमवार को यहां पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार व जेई ने काम शुरू कराया। डामर गिट्टी रास्ते में डालते हुए रोलर से सड़क को ठीक करने का देर शाम तक जारी रहा। जिले की जर्जर सड़कों को लेकर अमर उजाला के 21 दिसंबर के अंक में प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया गया। इसमें रुरुगंज-हरचंदपुर मार्ग की जर्जर हालत के साथ ही ग्रामीणों की समस्या उठाई गई थी। जागे अधिकारियों ने सड़क दुरुस्तीकरण का काम शुरू कराया।
मामले में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह ने संज्ञान लिया। पीडब्ल्यूडी विभाग को दिए गए दिशा-निर्देश के बाद सोमवार को ठेकेदार व जेई पहुंचे। सड़क के गड्ढों को खत्म करते हुए छह किमी के दायरे को चिह्नित किया गया। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अखिल कुरैशी ने बताया कि रुरुगंज से पुर्वा भरामल तक छह किमी मार्ग को 50 लाख रुपये के बजट से डामरीकृत किया जा रहा है। हरचंदपुर तक शेष बचे तीन किमी मार्ग को बाद में कराया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुणवत्तापूर्ण व समय सीमा के अंदर काम पूरा करा लिया जाएगा।