औरैया। शहर से सटे जैतापुर स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को डिप्टी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सवाल किए तो सभी ने बिना रुके जवाब दिए। उन्होंने बेहतर शिक्षा पर शिक्षकों की तारीफ की।
डिप्टी कलेक्टर अमित कुमार त्रिपाठी मंगलवार को जैतापुर अंग्रेजी माध्यम परिषदीय स्कूल पहुंचे। जहां प्रधानाध्यापक विशाल पोरवाल से रजिस्टर तलब करते हुए जांच-पड़ताल की। वहीं पंजीकृत छात्र संख्या 131 के सापेक्ष मौके पर 101 छात्र उपस्थित पाए गए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर ने कक्षा-दो के छात्र प्रिंस सैनी ने राज्यों के नाम बताए। कक्षा-दो के छात्र युगल ने प्रदेश के 75 जिलों के नाम बताए। कक्षा-1 के छात्र आशू से 13 का पहाड़ा पढ़वाया। कक्षा दो के छात्र शिवांश ने तीन कहानियां सुनाई। इन बच्चों का उत्साह वर्धन के लिए डिप्टी कलेक्टर ने उन्हें पुरस्कृत भी किया।
वहीं शिक्षकों की ओर से गणित किट समेत अन्य पाठ्य सामग्री का डेमो दिखाते हुए शिक्षण कार्य की बारीकी बताई। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर स्टाफ की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विशाल पोरवाल, सहायक अध्यापक प्रियंका वर्मा, पारुल वर्मा, प्रतिमा यादव व शिक्षा मित्र रश्मि देवी व नीलम त्रिपाठी भी मौजूद रहीं।