फोटो-36- कृष्ण रावत की फाइल फोटो।
औरैया। घर से शहर जा रहे बाइक सवार सेना के जवान को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। चालक ट्रक लेकर भाग गया।
अजीतमल कोतवाली के गांव अमावता निवासी कृष्ण रावत (26) रविवार दोपहर बाइक से औरैया की तरफ जा रहे थे। वह लेह लद्दाख में तैनात थे। कानपुर-इटावा हाईवे पर गांव रौतियापुर के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को हाईवे से हटाया और क्षतिग्रस्त बाइक हो कोतवाली ले गए। परिजन को हादसे की सूचना दी गई। जानकारी पर घटनास्थल पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पति की मौत की सूचना पर पत्नी काजल बदहवास हो गई। पुलिस के अनुसार जवान की तीन साल पहले शादी हुई थी लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए थे। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।