अटसू (औरैया)। सरकारी मशीनरी की तमाम कवायद के बाद अन्ना मवेशियों की समस्या खत्म नहीं हो रही है। अन्ना मवेशियों की धमाचौकड़ी से किसान परेशान हैं। इससे आक्रोशित किसानों ने रविवार को अन्ना मवेशियों को एकत्र कर नव निर्मित मवेशी खाने में बंद करके ताला डाल दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। बाद में रात के समय किसी ग्रामीण ने मवेशीखाने में बंद पशुओं को ताला खोलकर हांक दिया है।
गांव सौहरी गड़िया, पुर्वा झावर, बल्लापुर, सुअटपुर व पुर्वा मदन सिंह आदि गांवों में अन्ना मवेशी धमाचौकड़ी मचाए हैं। अन्ना मवेशियों के झुंड खेतों में घुसकर किसानों की खड़ी फसलों को नष्ट कर देते हैं। इससे किसानों को खासा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
रविवार को किसानों का धैर्य जवाब दे गया। नाराज किसानों ने बड़ी संख्या में अन्ना मवेशियों को एकत्र कर नव निर्मित मवेशी खाने में बंद करके ताला डाल दिया। 10 घंटे से बंद अन्ना पशुओं को छुड़ाने के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। बाद में रात के समय किसी ग्रामीण ने मवेशीखाने का ताला खोलकर मवेशियों को बाहर निकाल दिया। इससे जानवर फिर से खेतों में चले गए।