फोटो-14- ट्रांसमिशन लाइन पर चढ़ा युवक। संवाद
बेला। परिजन से नाराज होकर एक युवक शुक्रवार दोपहर ट्रांसमिशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। जानकारी पर परिजन और दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। तीन घंटे समझाने के बाद युवक को नीचे उतारा जा सका।
पूछताछ के बाद उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। थाना क्षेत्र के गांव नयापुरवा निवासी चंद्रभान के बेटे विकास की शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे किसी बात को लेकर परिजन से कहासुनी हो गई। इससे नाराज युवक गांव के बाहर खेत पर ट्रांसमिशन लाइन के खंभे के पास पहुंचा और जूते व पैंट उतारकर खंभे पर चढ़ गया।
युवक को खंभे पर चढ़ता देख आसपास काम कर रहे किसान सन्न रह गए। उन्होंने इसकी जानकारी विकास के परिजन को दी। मौके पर पहुंचे परिजन ने युवक से नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह नहीं माना।
इसी दौरान सूचना पर बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम व सहार थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से उसे समझाया और नीचे उतरने के लिए कहा। परिजन ने भी उसे समझाया। करीब तीन घंटे समझाने के बाद युवक नीचे उतर आया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि युवक परिजन से नाराज होकर खंभे पर चढ़ा था। युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया। समझाकर उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
फोटो-14- ट्रांसमिशन लाइन पर चढ़ा युवक। संवाद