फोटो-37- आंगनबाड़ी केंद्र पर पड़ा ताला। संवाद
एरवाकटरा। कंपोजिट विद्यालय कुकरकाट परिसर में करीब 12 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2023-24 में निर्मित आंगनबाड़ी भवन निर्माण पूरा होने के एक वर्ष बाद भी बच्चों के उपयोग में नहीं आ सका है।
भवन पर निर्माणदायी संस्था के ठेकेदार का ताला लगा होने के कारण छोटे बच्चे कंपोजिट विद्यालय के कमरों में बैठकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
बताया गया है कि भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद अब तक इसे बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत और अधिकारियों से मांग करने के बाद भी भवन का हस्तांतरण नहीं कराया गया। इससे बच्चों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
आंगनबाड़ी के बच्चों के कंपोजिट विद्यालय में बैठने से वहां की नियमित कक्षाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा भवन परिसर में बने शौचालय का सेप्टिक टैंक भी निर्माणदायी संस्था की लापरवाही के चलते अब तक खुला पड़ा है। इससे विद्यालय परिसर में आने वाले छोटे बच्चों के उसमें गिरने का खतरा बना हुआ है।
सीडीपीओ संध्या यादव ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन में निर्माण कार्य कराने वाली संस्था का ताला लगा हुआ है। वहीं बीडीओ संजीव कुमार पांडेय ने बताया कि भवन को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सौंपने के लिए निर्माणदायी संस्था से कई बार व्यक्तिगत रूप से कहा जा चुका है। जल्द आवश्यक कार्रवाई कर भवन का हैंडओवर कराया जाएगा।
फोटो-37- आंगनबाड़ी केंद्र पर पड़ा ताला। संवाद