औरैया। आईआईटी जेईई मेंस में 99.4 परसेंटाइल पाने वाले अनन्य ने जेईई एडवांस की परीक्षा में 9145 वीं रैंक हासिल की है। शिक्षक के बेटे की इस सफलता पर न केवल परिवारीजनों बल्कि क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। वहीं अजीतमल क्षेत्र की छात्रा अक्षिता दीक्षित ने 1938वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दिबियापुर में कोतवाली के पीछे मोहल्ला संजय नगर निवासी नरेंद्र कुमार लखना स्थित जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। उनके बड़े बेटे अनन्य पोरवाल ने 10वीं में 96.4 प्रतिशत और 12वीं में 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए गए थे। 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की थी। कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करने के लिए जेईई एडवांस की परीक्षा 26 मई को कानपुर स्थित पीएसआईटी कॉलेज में दी थी।
कड़ी मेहनत कर अनन्य ने जेईई एडवांस में 9145वीं रैंक हासिल की है। अनन्य की इस सफलता पर परिवारीजनों ने खुशी जताई तो वहीं अनन्य की सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। बता दें कि इससे पहले आईआईटी जेईई मेंस में अनन्य ने 99.4 परसेंटाइल पाई थी। अनन्य ने बताया कि प्रतिदिन छह से आठ घंटे की पढ़ाई करता था। एक से दो घंटे मनोरंजन भी करता था। क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है।
-
फोटो-09एयूआरपी 29- अक्षिता दीक्षित। स्रोत: स्वयं
क्षेत्र की बेटी ने पाई जेईई एडवांस में 1938 वीं रैंक
अजीतमल। कस्बा के मोहल्ला सूर्यनगर निवासी समाजसेवी व शिक्षक स्व. महेंद्र दीक्षित की नातिन व जयपुर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम में डीजीएम के पद पर कार्यरत विनीत दीक्षित की बेटी अक्षिता दीक्षित ने जेईई एडवांस में 1938वीं रैंक प्राप्त की है। अक्षिता दीक्षित ने जयपुर से ही हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा में टॉप किया था। फोन पर हुई वार्ता पर अक्षिता ने बताया कि इंजीनियर बनकर देश का नाम रोशन करना चाहतीं हैं।
सफलता का श्रेय पिता विनीत दीक्षित व माता कल्पना दीक्षित के आशीर्वाद को माना हे। अक्षिता की सफलता पर उसकी दादी इंद्रा दीक्षित, चाचा प्रतीक दीक्षित, चाची प्रिया दीक्षित को स्थानीय लोगों ने बधाई दी। बधाई देने वालों में प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय, सुधीर दुबे, शिव दुबे, शिव महेश दुबे आदि शामिल हैं।
जेईई एडवांस में उत्कर्ष ने पाई 1611वीं रैंक
औरैया। शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक के-12 स्कूल के छात्र उत्कर्ष गौतम निवासी भगौतापुर ने जेईई की परीक्षा में 1611वीं रैंक हासिल की है। इस परीक्षा को पास कर उत्कर्ष ने माता-पिता व शहर का नाम रोशन किया है। उत्कर्ष ने 12वीं में 93 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल टॉप किया था। स्कूल संस्थापक देवेंद्र गुप्ता, प्रधानाचार्या डॉ. मीनाक्षी नरुला ने उत्कर्ष को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।