फोटो-26एयूआरपी 34- आंवले के लड्डू की पैकिंग करतीं महिलाएं। स्रोत:स्वयं
औरैया। पौष्टिक रेसिपी के जरिए लोग स्वावलंबन की राह भी पकड़ सकतीं हैं। एक ऐसा ही नजीर भाग्यनगर ब्लॉक के गांव वैसुंधरा की महिलाओं ने पेश की है। वो पौष्टिक गुणों से भरपूर आंवले के लड्डू बनाकर बिक्री कर रही हैं। देश के कोने-कोने तक यह लड्डू पहुंच रहा है। सेहत के प्रति फिक्रमंद लोगों को यह लड्डू खूब भा रहा है। इस डिमांड ने 20 महिलाओं को स्वावलंबन की राह दिखाई है।
भाग्यनगर ब्लॉक के वैसुंधरा निवासी मेनका ने यू-ट्यूब पर आंवले की पौष्टिकता को देखा और सुना। ऐसे में उन्होंने आंवले के लड्डू की रेसिपी तैयार कर दी। आंवले के साथ-साथ इस लड्डू में ड्राय फ्रूट भी समाहित किए हैं। विटामिन सी से लेकर मिनरल व अन्य पोषक तत्वों के लिए इसका आहार बड़ा कारगर हुआ है जिसे लोग खासा पसंद कर रहे हैं। वो यहीं तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने अपने गमा देवी स्वयं सहायता समूह की 20 महिलाओं को भी इस काम से जोड़ा। सभी ने हाथ बंटाते हुए लड्डू की उपयोगिता को लोगों तक पहुंचाया।
एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की ओर से इन्हें प्रोत्साहन दिया गया। जरूरी बाजार मुहैया कराया गया। साथ ही साथ आर्थिक व अन्य जरूरतों को पूरा किया गया। फिर क्या महिलाओं की कारीगरी को उमदा मुकाम मिल गया। अब उनका आंवले का लड्डू ऑनलाइन डिमांड बढ़ गई है। वो इसे कूरियर के जरिए पूरे देश में भेज रही हैं। मेनका बताती हैं कि वो लड्डू की पैकेजिंग भी कर रही हैं। एक किलो लड्डू का पैकेट 450 रुपये का है। यह लड्डू स्वाद के साथ ही पौष्टिकता के पैमाने पर खरा है। दिल्ली, मुबंई समेत कई राज्यों से डिमांड आ रही है। कोरियर के जरिए सप्लाई दी जा रही है।
फोटो-26एयूआरपी 34- आंवले के लड्डू की पैकिंग करतीं महिलाएं। स्रोत:स्वयं