हादसे में क्षतिग्रस्त एंबुलेंस। स्रोत : पुलिस
एरवाकटरा। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे खड़े ट्रक में पीछे से एंबुलेंस घुस गई। इससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को दूसरी एंबुलेंस से उपचार के लिए सैफई भेजा गया।
राजस्थान से सामान लादकर जा रहे 22 चक्का ट्रक के पहिए का बेयरिंग खराब हो गया। इस पर ट्रक चालक सलमान ने ट्रक को एक्सप्रेसवे पर उमरैन पुल के पास सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह दूसरे वाहन से मिस्त्री लेने सौरिख चला गया। इसी दौरान आगरा से लखनऊ जा रही एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसे में एंबुलेंस चालक मलनापुर, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ निवासी विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल दूसरी एंबुलेंस से पीजीआई सैफई भेजा गया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। (संवाद)