शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। शहर समेत जिले के देवी मंदिरों में सुबह से मां चंद्रघंटा के जयकारे गूंजने लगे। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए देवी मंदिरों में देर रात तक भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने सुबह से पूजा अर्चना शुरू कर दी। मइया की पूजा करने के लिए हजारों श्रद्धालु मां को मनाते रहे।
नवरात्र पर्व पर आर्यनगर मोहल्ला स्थित काली माता मंदिर, जेसीज चौराहा स्थित प्राचीन काली मां मंदिर, बनारसीदास स्थित बड़ी माता मंदिर, नारायनपुर स्थित शीतला माता मंदिर व मां मंगला काली मंदिर समेत शहर के दर्जनभर देवी मंदिरों में माता की पूजा आराधना के लिए देवी भक्तों की भीड़ दिखाई पड़ी।
सारे दिन मंदिरों में मां चंद्रघंटा के जयकारे गुंजायमान रहे। नवरात्र में महिलाओं एवं युवतियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
नवरात्र शुरू होने के साथ ही देवी मंदिरों में कथा एवं भागवत का दौर शुरू हो गया। साथ ही शहर के मंगला काली मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। यहां दूरदराज से हजारों लोग पूजा अर्चना करने के लिए आ रहे है। साथ ही जवारे व नारियल चढ़ाकर माता को मनाने में लगे रहते है।
लोगों की मान्यता है कि मां मंगलाकाली के दरबार में जाने वाले हर व्यक्ति की मनोकामना अवश्य पूरी करती है। इसी मान्यता के चलते यहां पर हजारों देवी भक्तों की भीड़ मां मंगलाकाली के दर्शन करने के लिए जुटती है। श्रद्धालु यहां पर आकर बलि चढ़ाकर मां को मनाने का काम करते हैं।