बेला। थाना क्षेत्र के गांव बिहारीपुर में शनिवार दोपहर घर में अकेली एक छात्रा ने रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। याकूबपुर से दवा लेकर वापस लौटे माता-पिता ने बेटी का शव फंदे पर देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बिहारीपुर गांव निवासी अजय कुमार शनिवार दोपहर पत्नी यशोदा देवी के साथ याकूबपुर में दवा लेने के लिए गए हुए थे। बेटा नितिन व बेटी नेहा स्कूल गए हुए थे। घर पर 19 वर्षीय स्वेता अकेली थी। वह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। श्वेता ने चारपाई को बरामदे में रखते हुए रस्सी का फंदा बनाकर कुंडे से लटकते हुए आत्महत्या कर ली। घर लौटे माता पिता ने श्वेता का शव फंदे पर देखा तो शोर मचाया। पड़ोसी पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों से इस दौरान पूछताछ की गई। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि परिजन मौत की वजह स्पष्ट नहीं कर सके हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। चारपाई को लगाकर फंदे से लटककर आत्महत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।