कुदरकोट। एरवाकटरा ब्लॉक क्षेत्र में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुई नियुक्तियों पर ग्रामीणों ने अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर वर्ष 2011-12 से लेकर 2025 तक हुई कार्यकर्ता और सहायिका भर्ती में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि चयन प्रक्रिया में पात्र उम्मीदवारों को दरकिनार कर अपात्रों को लाभ पहुंचाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई केंद्रों पर आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई और रसूख के बल पर एक ही परिवार के कई सदस्यों को नियुक्ति की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि ग्राम सभा की संस्तुति और शासन की गाइडलाइन का पालन किए बिना ही नियुक्तियां कर दी गईं। चन्हैया निवासी संदीप कुमार, विनय कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य निशा, विशेष कुमार समेत अन्य लोगों ने विवादित नियुक्तियों को निरस्त कर नए सिरे से भर्ती कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। (संवाद)