अजीतमल। क्षेत्र के अनंतराम में ग्रामीणों ने नाला निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य वहां पहुंच गए और काम रुकवा दिया। उन्होंने जेई से इस संबंध में बात की तो उन्होंने जांच कराने का आश्वासन दिया।
सोनासी गांव में जलभराव से ग्रामीणों को परेशानी होती है। बारिश में यह परेशानी अधिक बढ़ जाती है। जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर ने जिला पंचायत में नाला निर्माण का प्रस्ताव रखा ताकि ग्रामीणों को जलभराव से मुक्ति मिल सके। गांव सोनासी से अनंतराम तक 190 मीटर तक नाला निर्माण को मंजूरी मिल गई। लगभग 16 लाख रुपये के बजट से इसका निर्माण शुरू हो गया। ग्रामीणों ने नाला निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया। इस पर जिला पंचायत सदस्य सोनू पहुंचे और काम रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि पहले भी एक बार काम रुकवाया गया था। जांच में जेई ने भी अनियमितता पाई थी। अब फिर से नाला निर्माण शुरू कर दिया गया तो ग्रामीणों ने शिकायत की। आरोप है कि सरिया, सीमेंट आदि गुणवत्ताविहीन लगाए जा रहे हैं। मानक के अनुसार सरिया की दूरी और सीमेंट, मौरंग का मिश्रण नहीं लगाया जा रहा है। जेई अमित कुमार सिद्दीकी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मौके पर जाकर जांच की जाएगी।