संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर (औरैया)। ओमप्रकाश राजभर भारतीय समाज पार्टी, एनडीए में शामिल होकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सहयोग कर रहे हैं। अखिलेश यादव हठ करके नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में सहयोग कर रहे हैं। आखिरकार सभी लोग ही नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में सहयोग कर रहे हैं। यह बातें दिबियापुर पहुंचे सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहीं।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश के मंत्रिमंडल विस्तार से लिए केंद्र से हरी झंडी मिली है। जल्द ही तारीख तय होगी और मंत्रिमंडल में मंत्री पद मिलने की सूचना सभी को मिल जाएगी। बंजारा के साथ बहेलिया, कश्यप, पाल, कुम्हार, लुहार, समेत तमाम ऐसी जातियां हैं, जो अपने अधिकार से वंचित हैं। कांग्रेस, बसपा और सपा सरकार में इन जातियों के हक को लूटा गया।
विपक्ष के गठबंधन को ठग बंधन बताते हुए विपक्षी दलों को जनता के हक को लूटने, ठगने वाला बताया। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही, सपा की चार बार सरकार रही और बसपा की भी चार बार सरकार बनी। अगर इन लोगों ने आम जनता को हक और हिस्सा दिया होता तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मात्र दो एमएलए और बसपा का एक एमएलए न बचता।
कहा यदि सपा के साथ मैं नहीं होता तो पार्टी आज कहां खड़ी होती। चाचा के ऊपर भतीजे अखिलेश ने ठप्पा लगा दिया कि वह भाजपा के लिए काम करते हैं। तो अब वह ठप्पा हटने वाला नहीं है। विपक्ष की एकता मध्य प्रदेश में खत्म होती दिखाई दी। वहां कांग्रेस को हराने के लिए उनके साथ के दल ही खड़े हो गए। अब साफ है कि ओमप्रकाश राजभर भारतीय समाज पार्टी, एनडीए में शामिल होकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सहयोग कर रहे हैं।
अखिलेश यादव हठ करके नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सहयोग कर रहे हैं। सब लोग मोदी जी का सहयोग कर रहे हैं। यूपी में ओमप्रकाश राजभर, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, दारा चौहान, संजय बंजारा जैसे तमाम दल और लोग भाजपा के साथ खड़े हैं।