बिधूना। दिवाली के बाद से जिले की हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। मंगलवार सुबह आसमान में छाई धुंध ने लोगों को कोहरे का एहसास कराया, लेकिन घरों से बाहर निकलते ही आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने पर लोगों को प्रदूषण का एहसास हुआ। सुबह से ही वातावरण में धुंध की चादर छाई रही। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) करीब 236 दर्ज किया गया, जो हवा में बढ़ते प्रदूषण की स्थिति को दर्शाता है।
दिवाली के बाद जिले में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ा हुआ है। सात नवंबर से हवा की गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव के बीच प्रदूषण का असर बना हुआ है। सुबह और शाम वातावरण में धुंध रहने से टहलने निकलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. राम पलट सिंह ने बताया कि मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 236 रहा। प्रदूषण के चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं।
ऐसे में मौसम और हवा की गुणवत्ता को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि वायु प्रदूषण का असर आंखों, गले और फेफड़ों पर पड़ता है। इससे आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी, सांस फूलने और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा अस्थमा और एलर्जी के मरीजों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
सुबह-शाम बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनें। प्रदूषण अधिक होने पर खुले में व्यायाम और टहलने से बचें। सांस के मरीज नियमित दवाएं लें और चिकित्सक की सलाह का पालन करें। लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या आंखों में तेज जलन होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
धुंध और प्रदूषण में अंतर करना मुश्किल
सुबह आसमान में छाई धुंध को देखकर लोग शुरुआत में इसे ठंड के मौसम का कोहरा समझते रहे, लेकिन आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी ने प्रदूषण की ओर ध्यान खींचा। इससे सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।