औरैया। शासन ने रबी की बुआई के मद्देनजर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को सब्जियों, रबी सीजन की फसल, पशुपालन व फसलों की पैदावार बढ़ाने के बुआई के बेहतर तरीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। पैदावार बढ़ाने के लिए सरकारी बीज खरीदने के लिए प्रेरित करने व मिलने वाले अनुदान की जानकारी देने को कहा गया है।
सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि रबी की फसल का सीजन चल रहा है। ऐसे किसान फसल की बुआई वैज्ञानिक तरीके से करें। फसल की अच्छी पैदावार के लिए अच्छे बीजों का चयन करें। बेहतर बीज की खरीदारी के लिए सरकारी बीज खरीदें। बीज खरीदने पर पंजीकृत किसानों को अनुदान भी लाभ मिलेगा।
राज्यमंत्री लाखन सिंह ने बताया कि सरकारी बीज भंडार पर गेहूं के बीज की दर 3300 रुपये प्रति क्विंटल है। अनुदान के रूप में किसानों के खाते में 1650 रुपये की राशि भेजी जाएगी। प्रमुख सचिव ने पशुपालन करने पर जोर देते हुए बताया कि कृषि के साथ पशुपालन को बढ़ावा दें। इससे कई लाभ मिल सकेंगे। कृषि निदेशक स्वराज सिंह ने शासन द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर उपकृषि निदेशक विजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार ने बताया कि जिले में एक लाख 27 हजार 814 हेक्टेयर में रबी की बुआई का लक्ष्य रखा गया है। इसमें गेहूं 101607 हेक्टेयर, जौ 2276, चना 4437, मटर 146, मसूर 54, तोरिया 3778 और सरसों का 15516 हेक्टेयर में बुआई का लक्ष्य है। 31330 हेक्टेयर में रबी की फसल की बुुआई का काम पूरा हो चुका है। वहीं, उप कृषि निदेशक विजय कुमार का कहना है कि रबी की फसल की बुआई के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।