औरैया। कोहरे व पाले का असर अब फसलों में भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में कृषि विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
फसलों पर मौसम का प्रतिकूल असर न पड़े, इसे लेकर सिंचाई व दवा का छिड़काव किए जाने की सलाह किसानों को दी जा रही है। आलू की अगेती फसल पर भी नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
दलहनी, तिलहनी व आलू की फसलों में कोहरा व पाला के असर से किसान चितिंत हैं। ऐसे में कृषि विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें खेतों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी जा रही है। खेतों में चारों तरफ धुआं करने का भी विकल्प बताया जा रहा है। आलू की फसल में अगेती व पछेती में झुलसा रोग लगने की आशंका है। इसके नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव करने की सलाह दी जा रही है।
सरसों में माहू व पत्ती कीट की समस्या पर काबू पाने के लिए भी दवा का छिड़काव करने को कहा गया है। चना व मटर में कीट से भी बचाव जरूरी बताया गया। बताया जा रहा है कि आलू की अगेती फसल पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि किसी भी फसल में रोग एवं कीट का प्रकोप दिखाई देने पर सहभागी फसल निगरानी व निदान प्रणाली का सहयोग लिया जा सकता है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबरों 9452247111 व 9452257111 पर फोटो खींच कर भेजना होगा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी के मोबाइल नंबर 7839882529, 9760201353 पर संपर्क कर सकते हैं।