- अनुमानित बिक्री के सापेक्ष 45 फीसदी खपत में आया उछाल
- राजस्व मुनाफा तो बढ़ा साथ ही साथ शराब के शौकीन भी बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शराब के शौकीन तेजी से बढ़ रहे हैं। यह हम नहीं कह रहे हैं। जिले में शराब की खपत के आंकड़े बोल रहे हैं। जिले में पिछले पांच माह के अंदर 126 करोड़ की शराब डकारी गई है। ये आंकड़ा तब सामने आया है। जबकि विभाग की अनुमानित बिक्री से 45 फीसदी ज्यादा है। भले ही राजस्व की मोटी कमाई हुई हो, लेकिन पांच माह के आंकड़े शराब की लत बढ़ने की ओर इशारा कर रहे हैं।
जिले की तीन तहसील क्षेत्रों में 142 देशी, कंपोजिट ठेके हैं। शहर कस्बों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शराब के ठेकों पर दोपहर से लेकर रात 10 बजे तक खूब भीड़ उमड़ती है। मौजूदा साल में दुकान आवंटन के साथ ही करीब 10 दुकानों को बढ़ाया भी गया था। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस वित्तीय वर्ष के पांच माह में ही 126 करोड़ की देशी, विदेशी शराब व बियर की खपत हो चुकी है। जबकि सालाना बिक्री का आंकड़ा 322 करोड़ रुपये के आसपास रहता है। इसके साथ ही विभागीय आंकड़ों के मुताबिक पांच माह की अनुमानित खपत के सापेक्ष अभी तक 45 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। विभाग सरकारी खजाने तो बढ़ा रहा है। लेकिन शराब की यह लत भी बढ़ रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार के मुताबिक पांच माह में ही अनुमानित बिक्री के सापेक्ष करीब 45 फीसद आंकड़ा 31 अगस्त तक पूरा हो गया है। इन पांच महीनों में करीब 126 करोड़ की शराब की बिक्री हो चुकी है। (संवाद)
-
युवाओं में घर कर रही शराब की लत
बदलते दौर के साथ ही शराब के शौकीनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शराब की खपत इस ओर इशारा भी कर रही है। लेकिन जानकारों की माने तो शराब की लत में युवा ज्यादा पड़ रहे हैं। रात 10 बजे तक शराब ठेकों के बाहर दस्तक देने वालों में ज्यादातर युवा ही देखे जा रहे हैं।