बिधूना। मलेरिया व डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया है। मंगलवार को कानपुर से आईं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग की अपर निदेशक ने सीएचसी बिधूना का निरीक्षण कर अस्पताल में व्यवस्था व डॉक्टरों की समय से उपस्थिति, दवा समेत कई बातों की जानकारी ली।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं कल्याण परिवार विभाग की अपर निदेशक डॉ. संजू अग्रवाल ने मंगलवार को बिधूना सीएचसी में निरीक्षण के दौरान मलेरिया व डेंगू की रोकथाम से जुड़ी जरूरी जानकारी लीं। अस्पताल के वार्डों में साफ-सफाई के साथ दवा व लैब में होने वाली जांचों से जुड़ी जानकारी भी लीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीफ फार्मासिस्ट से दवा के रख-रखाव के साथ रजिस्टर चेक किया। साथ ही उन्होंने सीएचसी के डॉक्टरों के उपस्थिति रजिस्टर को भी चेक किया। निरीक्षण के दौरान सभी डाॅक्टरों व फार्मासिस्ट को अलग-अलग बुलाकर जानकारी ली। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य से अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं संबंधी विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान एडी स्वास्थ्य को निरीक्षण में कुछ कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधितों को सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एडी ने बताया कि जो भी निरीक्षण में कमी आदि मिली है, उसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर अवगत कराया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।