पुरानी पेंशन बहाली प्रकरण का बहाना लेकर स्कूल प्रबंध तंत्र ने 10 माह से कार्यवाहक प्रधानाचार्य और तीन से अन्य शिक्षकों का वेतन डीआईओएस के आदेश के बावजूद नहीं दिया।
जबकि उनसे काम लगातार लिया जा रहा है। डीआईओएस ने प्रबंध तंत्र के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
बिधूना स्थित गांधी इंटर कालेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य चंद्रकिशोर शास्त्री निवासी शास्त्री नगर बिधूना के मामले में डीआईओएस स्तर से प्रबंध तंत्र के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डीआईओएस हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि उनके स्तर से कार्यवाहक प्रधानाचार्य की जीपीएस कटौती बंद करने और एनपीएस कटौती प्रारंभ करने के साथ ही प्रधानाचार्य का वेतन देने का पत्र जारी किया गया था।
स्कूल प्रबंध तंत्र ने उनके आदेश का पालन नहीं किया है, जिसके चलते प्रबंध तंत्र के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य और स्कूल के अन्य शिक्षक लगातार अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। इधर, शिक्षक नेता उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि शिक्षकों से काम लिया गया है, तो काम के हिसाब से भुगतान भी होना चाहिए।
यदि शीघ्र शिक्षक साथियों का भुगतान न किया गया, तो वह धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।