संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। जिले में फर्जी स्कूलों के खिलाफ सरकार एक बार फिर अभियान चला रही है। इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशालय ने बीएसए को निर्देश जारी कर दिया है। 22 नवंबर तक अभियान की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 1265 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। वहीं 54 सहायता प्राप्त व करीब एक हजार प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। वहीं कई लोग निजी विद्यालय बिना मान्यता लिए ही संचालन कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से बीएसए को निर्देश दिया है कि वह जिले में इसके लिए व्यापक अभियान चलाएं।
22 नवंबर तक सभी जिले से अभियान की रिपोर्ट भी निदेशालय को उपलब्ध कराएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक सात विद्यालय बिना मान्यता संचालित होते पकड़े गए हैं। वहीं 28 अमान्य विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया हैै। जिनकी मान्यता लंबित है। यह कार्रवाई बीएसए ने स्वयं अपने स्तर से की है।
बिना मान्यता चल रहे विद्यालयों की बीईओ दबाए बैठे कुंडली
औरैया। शासन ने बिना मान्यता चल रहे विद्यालयों पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे। इसके लिए कई बार अभियान चलाने के लिए कहा गया। बावजूद इसके खंड शिक्षा अधिकारी बिना मान्यता संचालित विद्यालयों की कुंडली दबाए बैठे हैं। जबकि बीएसए कार्यालय की ओर से कई बार खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया, लेकिन अभी किसी ने इसकी रिपोर्ट नहीं दी। (संवाद)
सभी बीईओ को ब्लॉकों में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई विद्यालय बिना मान्यता चल रहा है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में जिन विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, उसकी विद्यालयवार सूची उपलब्ध कराई जाएगी।
- अनिल कुमार, बीएसए