औरैया। शासन के निर्देश पर डीएम व एडीएम ने मंगलवार को विकास भवन व विभिन्न सरकारी कार्यालयों का सुबह लगभग 10:15 बजे निरीक्षण किया। इस दौरान करीब एक दर्जन बाबू नदारद मिले। डीएम के निर्देश पर अनुुपस्थित बाबुओं का एक दिन का वेतन रोकने के साथ रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
कलक्ट्रेट और विकास भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के समय से कार्यालयों में न बैठने की शिकायतों का शासन ने गंभीरता से लिया है। इसको लेकर मंगलवार को डीएम अभिषेक सिंह ने विकास भवन में डीपीआरओ कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण कार्यालय, कृषि विभाग, जिला कार्यक्रम कार्यालय, जिला उद्यान कार्यालय आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया। एडीएम रेखाएस चौहान ने पीडब्लूडी, डीआईओएस व बीएसए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि उनके व एडीएम के निरीक्षण के दौरान एक दर्जन बाबू अनुपस्थित मिले हैं। शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है, जिन कार्यालयों के बाबू निर्धारित समय में कार्यालय में अनुपस्थित मिले हैं। उनके वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है। शासन से आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।